जशपुर। जिले के थाना सन्ना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुआ में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान गोईदी बाई के रूप में हुई है। घटना की सूचना मृतका के भाई सहलूराम ने 6 मार्च को पुलिस को दी, जिसके बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गंभीर चोट के कारण होना पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान पता चला कि अंधविश्वास और जादू-टोना के शक में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में सामने आया कि मृतका का आरोपियों से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसे झोपड़ी में ले जाकर मारपीट की गई। इस दौरान आरोपियों ने महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद शव को घर में रखकर छिपाने की कोशिश की गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त कर लिया गया है।


