बिलासपुर। जिले में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चकरभाठा क्षेत्र स्थित होटल शिवा इन की छत पर हुक्का बार चलने की सूचना पर रविवार रात पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही होटल स्टाफ ने हुक्का पी रहे लोगों को वहां से भगा दिया और हुक्का पॉट, चिलम व तंबाकू को छिपाने की कोशिश की।
तलाशी के दौरान पुलिस को किचन से हुक्का पॉट, चिलम और फ्लेवरयुक्त तंबाकू बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया। मामले में होटल मैनेजर सिद्धार्थ गुप्ता (39) को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है।
सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध हुक्का बार संचालित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


