कोरबा। विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में डीएवी पब्लिक स्कूल, कोरबा में ‘कोड विद्या’ (CodeVidhya) कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसईसीएल कोरबा के महाप्रबंधक एवं डीएवी स्थानीय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आर.के. गुप्ता रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में एरिया पर्सनल मैनेजर के.पी. सिंह तथा कोड विद्या समूह के प्रोजेक्ट प्रमुख चैतन्य परमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या डॉ. चेतना शर्मा द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
कोड विद्या कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कोडिंग, तार्किक चिंतन, समस्या-समाधान क्षमता और रचनात्मकता का विकास करना है। इसके माध्यम से छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ऐप डेवलपमेंट, वेब डेवलपमेंट तथा अन्य उभरती तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
प्रोजेक्ट प्रमुख चैतन्य परमार ने बताया कि कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को उनकी आयु और कक्षा के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. चेतना शर्मा ने कहा कि आज के दौर में कोडिंग केवल तकनीकी कौशल नहीं, बल्कि तार्किक सोच और रचनात्मक समस्या-समाधान का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को सीखने, प्रयोग करने और नवाचार के नए अवसर प्रदान करेगी।
विद्यालय प्रबंधन एवं एसईसीएल कोरबा के प्रतिनिधियों ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना समय की मांग है। यह कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार और सभी शैक्षणिक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





