जशपुर। जिले के कुनकुरी विकासखंड के केराडीह गांव में गुपचुप (पानी पूरी) खाने के बाद फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। इस घटना में दर्जनों लोग बीमार पड़ गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल को साप्ताहिक बाजार में गुपचुप खाने के बाद लोगों को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर मरीजों को कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि कुछ का इलाज अन्य अस्पतालों में जारी है।
बीएमओ डॉ. के. कुजूर के मुताबिक, 10 अप्रैल को मितानिन के माध्यम से सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने केराडीह के डड़गांव में कैंप लगाकर जांच की और गंभीर मरीजों को रेफर किया। फिलहाल अधिकांश मरीजों की हालत में सुधार है, जबकि 8 मरीजों को निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य सुरक्षा को लेकर जांच शुरू कर दी है।


