महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे में 5 अलग-अलग मामलों का खुलासा किया। इस दौरान 685 किलो गांजा और 700 नशीली टैबलेट जब्त की गई। गांजे की कीमत करीब 3.42 करोड़ रुपए आंकी गई है, जबकि वाहनों सहित कुल जब्ती 4.61 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान 13 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके नेटवर्क के तार कई राज्यों से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रक, पिकअप, कार और बाइक के जरिए घरेलू सामान की आड़ में गांजा छिपाकर तस्करी कर रहे थे।
यह संयुक्त कार्रवाई बसना, कोमाखान, सिंघोड़ा और महासमुंद थाना क्षेत्रों की पुलिस ने मिलकर की। पुलिस के अनुसार ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पिछले तीन महीनों में 4 हजार किलो से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


