छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 12वीं बोर्ड की हिंदी विषय की परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। यह फैसला प्रश्नपत्र लीक होने की पुष्टि के बाद लिया गया। बोर्ड ने छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नया टाइम टेबल जारी किया है, जिसके अनुसार अब हिंदी की परीक्षा 10 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।
परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें सामने आने के बाद प्रदेशभर में छात्रों के बीच चिंता और नाराजगी का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही साइबर सेल उन ग्रुप्स की पहचान में जुटी है, जहां से प्रश्नपत्र वायरल हुआ।
जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को हिंदी की परीक्षा आयोजित हुई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों में ‘सेट-बी’ के प्रश्नपत्र के लीक होने की खबर तेजी से फैलने लगी। इस पर बोर्ड ने तुरंत संज्ञान लेते हुए साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई और सिटी कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज की गई।
प्राथमिक जांच में लीक की पुष्टि होने के बाद सोमवार को हुई परीक्षा समिति की अहम बैठक में सर्वसम्मति से परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया। इस अचानक फैसले से छात्रों और अभिभावकों के बीच हड़कंप मच गया है, क्योंकि सत्र के अंतिम दौर में दोबारा परीक्षा की तैयारी करना एक बड़ी चुनौती बन गया है।


