जगदलपुर। बस्तर जिले में पावर ग्रिड कंपनी द्वारा परचनपाल से जयपुर तक विद्युत लाइन विस्तार के तहत कई गांवों के किसानों की कृषि भूमि पर बिजली टॉवर स्थापित किए गए हैं। किसानों का आरोप है कि कई स्थानों पर बिना विधिवत अनुमति के ही खेतों में टॉवर खड़े कर दिए गए, लेकिन अब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप ने किसानों का समर्थन करते हुए कहा कि जल्द मुआवजा नहीं दिया गया तो आंदोलन किया जाएगा। उलनार, तारागुड़ा, जुनावनी और सरगीपाल सहित कई गांवों के किसानों का कहना है कि टॉवर लगने से खेती प्रभावित हो रही है। किसान प्रहलाद प्रसाद पाण्डे ने बताया कि छह माह में मुआवजे का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ।


