बीजापुर। केंद्रीय सुरक्षाबलों के 87वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को बीजापुर जिला मुख्यालय स्थित 170 बटालियन हेडक्वार्टर में रेड क्रॉस के बैनर तले रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले में तैनात 14 बटालियन के करीब 250 जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान का संदेश दिया। रक्तदान से पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जवानों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच कर रक्त संग्रह किया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी ने जवानों की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रक्तदान शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए संजीवनी साबित होते हैं।
सीआरपीएफ के डीआईजी बी.एस. नेगी ने बताया कि 19 मार्च को बल का 87वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसी के तहत विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में जवान जहां नक्सलियों से मुकाबला करते हैं, वहीं मानवता की सेवा में भी आगे रहते हैं। शिविर में रेड क्रॉस व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने सहयोग दिया।


