बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मंगलवार को सड़क किनारे पैदल चल रही जमुना गोड़ (65) को हाईवा ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि जमुना गोड़ अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए ग्राम रतखंडी आई हुई थीं। इसी दौरान सड़क किनारे चलते समय तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी।
सूचना मिलते ही बेलगहना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की।


