बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में अफीम की अवैध खेती का एक और मामला सामने आया है। कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी स्थित सरनाटोली इलाके में जंगल किनारे करीब 5 एकड़ जमीन पर अफीम की फसल उगाई जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर फसल जब्त करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार खेत में अफीम की फसल पूरी तरह तैयार थी और डोडों में चीरा भी लगाया जा चुका था, जिससे जल्द अफीम निकालने की तैयारी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में सूखे डोडे भी बरामद किए हैं।
मंगलवार को कुसमी एसडीओपी आशीष कुंजाम के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की। यह क्षेत्र झारखंड सीमा से सटा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि ग्रामीणों की जमीन किराये पर लेकर बाहरी लोग अवैध खेती कर रहे थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


