छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लापता 18 वर्षीय युवक का शव गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान मनीष कंवर के रूप में हुई है, जो धुल सिंह कंवर का इकलौता पुत्र था। जानकारी के अनुसार मनीष बुधवार दोपहर घर से दोस्तों के साथ होली खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह खोलार नदी किनारे बांस के एक ऊंचे पेड़ पर लाल गमछे के फंदे से उसका शव लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और आत्महत्या मानने से इनकार किया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम से जांच कराई और साक्ष्य जुटाए। फिलहाल मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


