जांजगीर-चांपा। जिले में एक ओर पुलिस ने लूट की झूठी कहानी का खुलासा किया, वहीं दूसरी ओर सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र में कृष्णा हुंडई के सेल्समैन प्रयांश देवांगन ने 4.50 लाख रुपये की लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ, क्योंकि युवक बार-बार अपने बयान बदल रहा था। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कबूल किया कि लूट की कहानी झूठी थी और उसने रकम खुद खर्च कर दी थी। टीआई मोतीलाल पटेल के अनुसार आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया गया है।
इधर, बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र स्थित अटल आवास निरतु में चोरी की घटना हुई। पीड़ित मोहम्मद आजाद परिवार सहित 26 मार्च को चिरमिरी गए थे। 3 अप्रैल को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी का लॉकर खुला हुआ था।
चोरों ने करीब 30 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर सहित लगभग 65 हजार रुपये का सामान पार कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


