रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम, कोटा में खेले गए महिला फुटबॉल फाइनल में छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं और स्कोर 0-0 रहा। खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षा और तेज आक्रमण से दर्शकों को बांधे रखा।
दूसरे हाफ में छत्तीसगढ़ ने आक्रामक रणनीति अपनाई। टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने महत्वपूर्ण गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद टीम ने अनुशासित खेल दिखाते हुए बढ़त को अंत तक कायम रखा।
फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। मैच के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनूजा सलाम भी उपस्थित रहीं।


