रायपुर/राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के राजनांदगांव क्षेत्र में “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” तेजी से लोकप्रिय हो रही है। राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में हजारों परिवारों ने घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली बिल में बड़ी राहत पाई है। कई उपभोक्ताओं का मासिक बिजली बिल अब शून्य हो गया है।
कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट के अनुसार योजना के तहत अब तक 6,052 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 6,045 आवेदनों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 5,670 उपभोक्ताओं ने वेंडर का चयन भी कर लिया है। राजनांदगांव जिले में सबसे अधिक 2,899 घरों में सोलर संयंत्र लगाए गए हैं।
अब तक 2,406 हितग्राहियों के खातों में डीबीटी के जरिए सब्सिडी राशि भेजी जा चुकी है। योजना के तहत 1 किलोवाट पर 45 हजार, 2 किलोवाट पर 90 हजार और 3 किलोवाट तक 1.08 लाख रुपए की सब्सिडी दी जा रही है।


