कोरबा : प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिक निगम केारबा के वार्ड क्र. 01, 05, 06, 08 व 09 को 01 करोड़ 05 लाख रूपये के 06 विकास कार्यो की सौगात मिली। इस मौके पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित निगम की एम.आई.सी. के सदस्य व पार्षदगण विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्र. 01 अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबा के सामने 10 लाख रूपये की लागत से सी.सी.रोड नाली निर्माण, वार्ड क्र. 05 अंतर्गत ईदगाह में इंदिरा नगर आंगनबाड़ी कलवर्ट तक 30 लाख रूपये की लागत से नाली निर्माण, वार्ड क्र. 06 अंतर्गत पुरानी बस्ती केारबा में सर्वमंगला फ्लोर मिल से भण्डारी चैक तक 12 लाख रूपये की लागत से सी.सी. रोड निर्माण, वार्ड क्र. 08 अंतर्गत मोतीसागरपारा नवीन माध्यमिक शाला के सामने 06 लाख रूपये की लागत से सी.सी. रोड निर्माण, वार्ड क्र. 08 के अंतर्गत मोतीसागरपारा बजरंग बली से किनारे दुकान तक 12 लाख रूपये की लागत से सी.सी. रोड निर्माण एवं नाली मरम्मत कार्य तथा वार्ड क्र. 09 अंतर्गत नवीन हाई स्कूल सीतामणी में 35 लाख रूपये की लागत से अहाता निर्माण का कार्य कराया जाना हैं। आज सीतामणी चैक में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में उक्त विकास कार्यो का भूमिपूजन किया गया।
राज्य सरकार के 02 वर्ष पूर्ण, सुशासन पुनः हुआ स्थापित
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि 13 दिसम्बर को हमारी सरकार के दो वर्ष पूरे हो रहे हैं, इन 02 वर्षो में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने दर्जनों जनहितैषी फैसले लिए, पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य किया तथा प्रदेश में पुनः सुशासन की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होने कहा कि डाॅ.रमन सिंह प्रदेश में 15 वर्षो तक मुख्यमंत्री रहे तथा इस दौरान उन्होने दर्जनों जनकल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की, करोडों लोग इन योजनाओं से लाभान्वित हुए, किन्तु बीच में इन योजनाओं को बंद कर दिया गया था, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुनः इन जनकल्याणकारी योजनाओं को संचालित कराया, साथ ही जनहित की नई योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभी गारंटियों को पूरा किया। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व.श्री अटलबिहारी बाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना की और अब देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारे छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हो रहा है। उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने आगे कहा कि नगर निगम कोरबा के सभी वार्डो में बिना भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं तथा विगत 02 वर्षाे में लगभग 800 करोड़ रूपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए जा चुके हैं।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के निरंतर मार्गदर्शन व आशीर्वाद से नगर निगम केारबा क्षेत्र के सभी वार्डो में व्यापक रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं तथा मैं अपनी जनता जनार्दन को यह आश्वस्त करती हूॅं कि कोरबा के विकास में कभी कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होने कहा कि कुछ वर्षो में कोरबा का विकास थम गया था, किन्तु अब पुनः उद्योग मंत्री श्री देवांगन के मार्गदर्शन में विकास कार्यो को गति मिली है, सड़क, नाली, पानी, बिजली व साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं दूर हो रही हैं, निगम के सभी 67 वार्डो में बिना किसी भेदभाव के वहाॅं के नागरिकों की मांग व आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।


