दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड के बीच वायु प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। राजधानी की फिजा ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई है और कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 450 के पार दर्ज किया गया। ठंड, कम हवा की रफ्तार और धुंध के चलते प्रदूषक तत्व वातावरण में जमे हुए हैं, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे हालात बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों के लिए बेहद खतरनाक हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सुबह-शाम खुले में व्यायाम से बचने, मास्क का इस्तेमाल करने और जरूरत न हो तो घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। वहीं, प्रशासन की ओर से ग्रैप (GRAP) के कड़े प्रतिबंधों को लागू रखने की बात कही गई है, ताकि प्रदूषण के स्तर को कम किया जा सके।


