CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ के मौसम में उलट-पलट करने वाला सिस्टम अब कमजोर हो गया है, जिससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की गुंजाइश बन रही है. सोमवार को रायपुर समेत कई इलाकों के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहा. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है.
यह अगले 4 दिनों में 5 डिग्री तक बढ़ सकता है. हालांकि एक दो स्थानों पर मेघगर्जन की गतिविधि के साथ तेज हवा, वज्रपात और वर्षा होने के आसार हैं. वहीं इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 के बाद केरल पहुंचने की संभावना है. सोमवार को प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई. सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर में दर्ज किया गया.
26 मई को मानसून की केरल में एंट्री
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई को केरल में प्रवेश करने की संभावना है, जिसमें मॉडल त्रुटि 4 दिन की हो सकती है. पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्र में एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है.
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में आज आकाश मुख्यतः साफ रहने की संभावना जताई गई है. अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.


