छत्तीसगढ़ में ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड जरूर महसूस की जा रही है, लेकिन दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं की तीव्रता कमजोर पड़ रही है, जिसके चलते सर्दी से राहत मिल रही है।
आने वाले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। खासकर मैदानी इलाकों में दिन के समय मौसम साफ रहेगा और धूप खिलने से गर्माहट बढ़ेगी। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में सुबह के वक्त हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना बनी हुई है।
मौसम में इस बदलाव से आम जनजीवन के साथ-साथ खेती-किसानी पर भी असर पड़ सकता है। विशेषज्ञों की मानें तो तापमान बढ़ने से रबी फसलों को फायदा होगा। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और किसी बड़े मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं।


