रायपुर, 10 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ सरकार ने गरियाबंद जिले के राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मुख्य जिला मार्ग के मजबूतीकरण और उन्नयन के लिए 153 करोड़ 82 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से लगभग 35.5 किलोमीटर लंबी सड़क का उन्नयन और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार सड़क तथा पुल-पुलिया निर्माण के लिए 139 करोड़ 48 लाख 72 हजार रुपये और भू-अर्जन व यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए 14 करोड़ 33 लाख 62 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने और विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
बताया गया है कि केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस वर्ष 1 जनवरी को केन्द्रीय सड़क निधि (CRIF) योजना के तहत इस सड़क के मजबूतीकरण और उन्नयन को मंजूरी दी थी।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री Arun Sao के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से प्रशासकीय स्वीकृति जारी करते हुए प्रमुख अभियंता को आवश्यक परिपत्र भेज दिया है। उन्होंने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और पूरे काम की सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को कार्य की निविदा प्रक्रिया समय-सीमा में पूरी करने, प्राक्कलन के अनुसार मितव्ययिता बरतने और निर्माण एजेंसी से अनुबंधित समय में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अनावश्यक रूप से समय-सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी और केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय विस्तार दिया जा सकेगा।


