छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में 19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं और इसे सुरक्षा व विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। परिषद की इस बैठक में कानून-व्यवस्था, अंतरराज्यीय समन्वय, सीमा विवाद, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास, बुनियादी ढांचा और जनकल्याण योजनाओं की प्रगति जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। खास तौर पर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास को लेकर संयुक्त रणनीति बनाई जा सकती है।
सरकार का मानना है कि इस बैठक से राज्यों के बीच सहयोग और बेहतर समन्वय को मजबूती मिलेगी। बस्तर क्षेत्र में हो रही यह बैठक क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ केंद्र और राज्यों के बीच तालमेल बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।


