महाराष्ट्र के मुंबई में भारी बारिश के चलते एक बिल्डिंग का स्लैब गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा मुंबई के मानखुर्द इलाके में हुआ, जहां तेज बारिश के बीच स्लैब गिर गया और कई लोग मलबे की चपेट में आ गए। शताब्दी हॉस्पिटल के डॉक्टर पटेल ने बताया कि पांच लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। इन सभी को मृत घोषित कर दिया गया है। इनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। इस घटना में अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है और 1 व्यक्ति घायल है।
नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि तीन मंजिला ‘चॉल’ का एक हिस्सा ढह जाने से कई लोग इसकी चपेट में आ गए। चार से पांच लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हनुमान मंदिर के पीछे स्थित जनता नगर की चॉल नंबर-5 में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ग्राउंड फ्लोर समेत तीन मंजिला इमारत के दो-तीन कमरे अचानक ढह गए। इसके बाद, मुंबई अग्निशमन दल, पुलिस, बीएमसी के वार्ड कार्यालय और ‘108’ एंबुलेंस सेवा के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। ‘चॉल’ पुराने समय की कम लागत वाली आवासीय इमारतें होती हैं, जिनमें लंबी साझा बालकनी और एक-एक कमरे वाले छोटे घर होते हैं।
मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान
मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान कर दिया गया है। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा।
मुंबई में दो दिन से मूसलाधार बारिश हो रही है। वहीं, मौसम विभाग ने सोमवार को भी भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस बीच महाराष्ट्र के कई जिलों में स्कूल/कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई के सभी सरकारी, निजी और महानगरपालिका संचालित स्कूलों तथा कॉलेजों में सोमवार को छुट्टी का ऐलान किया गया है। मुंबई सहित ठाणे, पालघर ,रायगड, रत्नागिरि जिलों में मूसलाधर बारिश की संभावना के चलते स्कूल कॉलेज को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। बारिश के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर रनवे ऑपरेशन 1 घंटे के लिए रोकना पड़ा। इस वजह से इंडिगो की 4 फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं। रविवार को मुंबई एयरपोर्ट से अलग-अलग एयरलाइंस की 13 फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं।






