छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल क्षेत्र में दो शक्तिशाली आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद हुए, जिन्हें माओवादियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से लगाया था। समय रहते आईईडी की पहचान होने से बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर मौजूद बम निरोधक दस्ते ने दोनों आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, इलाके में माओवादी गतिविधियों को देखते हुए तलाशी अभियान और तेज कर दिया गया है। सुरक्षाबलों का कहना है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।


