कोरबा में वर्षाकाल 2026 को देखते हुए मिनीमाता बांगो बांध प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि लगातार बारिश के कारण बांगो जलाशय में पानी तेजी से बढ़ रहा है। आज की स्थिति में जलाशय का जलभराव 354.61 मीटर यानी 71.67 प्रतिशत हो चुका है। जलस्तर 359.66 मीटर तक पहुंचते ही बांध के गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ा जा सकता है।
विभाग ने हसदेव नदी किनारे बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले लोगों और कार्यरत संस्थाओं को सतर्क किया है। नदी के किनारे स्थापित खनिज खदान, औद्योगिक इकाइयां, ठेकेदारों और अन्य संस्थानों को अपनी चल-अचल परिसंपत्तियां सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि अचानक बाढ़ से होने वाली किसी भी क्षति के लिए जल संसाधन विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।
बाढ़ की संभावना वाले गांवों में चेतावनी की मुनादी कराने को भी कहा गया है। संभावित प्रभावित गांवों में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा, सिरकीकला आदि शामिल हैं। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि अभी जलाशय से विद्युत संयंत्रों में पानी की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
1 जून से 21 जुलाई तक कोरबा जिले में 409.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख के अनुसार सबसे अधिक वर्षा दर्री में 539.5 एमएम और सबसे कम करतला में 267.1 एमएम रिकॉर्ड की गई। दीपका 452 एमएम, पाली 480.2 एमएम, पसान 467.3 एमएम, कटघोरा और पोड़ीउपरोड़ा में 439 एमएम वर्षा हुई है।