छत्तीसगढ़ सरकार के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य के विकास की नींव जनता ने रखी है और अब इसे संवारने की जिम्मेदारी भी हम सबकी है। उन्होंने कहा, “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” के संकल्प के साथ सरकार विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को पूरी करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह विकास समावेशी, संतुलित और हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने वाला होगा।
अरुण साव ने बताया कि सरकार बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दे रही है। सड़क, बिजली, पानी और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत कर राज्य के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच विकास की खाई को पाटने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं, महिलाओं और किसानों को केंद्र में रखकर योजनाएं लागू की जा रही हैं। पारदर्शी शासन और जनभागीदारी के माध्यम से छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।


