छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल मिलते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तत्काल इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को दी गई। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं और एहतियातन कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
सूचना के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई। एहतियात के तौर पर कोर्ट में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्रवेश पर सख्त जांच शुरू कर दी गई। हालांकि शुरुआती जांच में किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी हुई है और साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें, सुरक्षा को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।


