CG News: राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया. दिल्ली से आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट हुआ. यह घटना तब हुई जब विमान रनवे पर उतर रहा था और अचानक एक पक्षी विमान के एक हिस्से से टकरा गया. टक्कर के बाद एयरपोर्ट मैनेजमेंट और टेक्निकल टीम ने तुरंत जांच शुरू कर दी.
अच्छी बात यह रही कि किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षित हैं. वहीं इसकी वजह से बाहर जाने वाली उड़ानों को रोक दिया गया, जिससे उनके तय समय से लगभग 2 घंटे की देरी हुई.
जानें कैसे हुई घटना?
जानकारी के मुताबिक, यह विमान दिल्ली से रायपुर पहुंचा था. लैंडिंग के दौरान हुई इस घटना के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जरूरी कदम उठाए. विमान को सुरक्षित तरीके से पार्किंग एरिया पर ले जाया गया, जहां उसकी तकनीकी जांच की गई.
2 घंटे प्रभावित रहीं उड़ानें
इस घटना के बाद सुरक्षा नियमों के अनुसार रनवे और विमान की बारीकी से तकनीकी जांच शुरू की गई. इस जरूरी जांच और मंजूरी की प्रक्रिया की वजह से बाहर जाने वाली उड़ानों को रोक दिया गया, जिससे उनके तय समय से लगभग 2 घंटे की देरी हुई. हालांकि इस देरी की वजह से कई यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, लेकिन प्रशासन ने राहत की सांस ली कि एक बड़ा हादसा टल गया.





