कोरबा : कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत रावणभांटा गांव में रविवार की दोपहर 26 साल का युवक शोले फिल्म की तरह 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। इस दौरान वह अपनी पत्नी को आवाज देने लगा। उसकी आवाज सुनकर देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इसकी सूचना रजगामार चौकी पुलिस को दी गई, जहां चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे।
कोरबा में प्रार्थना सभा को लेकर ईसाई समुदाय और हिंदू संगठनों में विवाद, पुलिस थाने तक पहुंचा मामला
घटना की सूचना पर युवक की पत्नी मौके पर पहुंची और पति को समझाया, लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। करीब एक घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा। युवक टावर पर चढ़कर बार-बार चिल्लाता रहा और कूदने की धमकी देता रहा। किसी तरह थाना प्रभारी ने उसे समझाकर टावर से नीचे उतरने को कहा। तब जाकर वह सुरक्षित नीचे उतरा।
बताया जा रहा है कि गांव का निवासी करण चौहान शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसके बाद उसकी पत्नी के साथ शराब पीने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि वह घर से बाहर निकलकर थोड़ी दूरी पर स्थित टावर पर चढ़ गया। टावर पर युवक को देख आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। रजगामार चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे ने बताया कि युवक शराब के नशे में था और पत्नी द्वारा शराब पीने पर फटकार लगाए जाने के बाद नाराज होकर टावर पर चढ़ गया था। समझाइश देने के बाद वह नीचे उतरा और सुरक्षित छोड़ा गया।


