जगदलपुर : जगदलपुर में सेंट्रल जेल से एक कैदी के फरार होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक कैदी बुधवार देर शाम जेल की ऊंची दीवार फांदकर भागने में सफल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक ये पूरा घटनाक्रम बुधवार देर शाम की है।
CG News : रायपुर में GST विभाग का बड़ा एक्शन, चार जगहों पर छापेमारी से हड़कंप
बताया जा रहा है कि शाम के वक्त शातिर कैदी मौका पाकर जेल प्रहरियों को झांसा देकर बैरक से दूसरी तरफ निकल गया। इसी बीच वह मौका पाकर जेल की दीवार फांदकर जेल से फरार हो गया। शाम के वक्त जब कैदियों की गिनती हुई, तब जेल प्रबंधन को इस घटना की जानकारी हुई। घटना की पुष्टि करते हुए एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। फरार कैदी की तलाश के लिए शहर और आसपास के इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इसके साथ ही जेल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कैदी के भागने के रास्ते और समय का पता लगाया जा सके। हालांकि अभी तक फरार कैदी की पहचान और वह किस अपराध में जेल में बंद था, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही कैदी को पकड़ लिया जाएगा और इस मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


