कोरबा : जिले के औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को बॉयलर में हुए जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई. हादसे के समय फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. विस्फोट के कुछ ही देर बाद आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. आग की ऊंची लपटों और आसमान में छाए काले धुएं के घने गुबार से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. फैक्ट्री परिसर में खड़ी एक ट्रक भी आग की चपेट में आ गई, जिससे आग और तेजी से फैल गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी और अन्य विभागों की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं. कई दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान लगातार जारी है. आग की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि हादसे में सभी मजदूर सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है. प्रशासन की प्राथमिकता आग पर जल्द से जल्द काबू पाना और किसी भी बड़े नुकसान को रोकना है.
डिनर के दौरान ट्रंप का चौंकाने वाला बयान, माहौल बिगड़ते ही बोले- ‘मैं सिर्फ मजाक कर रहा था’
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने फैक्ट्री के आसपास के पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है. आम लोगों के प्रवेश और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है. पुलिस ने बैरिकेडिंग कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा है, जबकि दमकल और राहत दलों के लिए मार्ग पूरी तरह खाली कराया गया है. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग फैक्ट्री के बाहर पहुंच गए और दूर से धुएं व आग की लपटों को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई. पुलिस लोगों को लगातार सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील कर रही है तथा मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में बॉयलर विस्फोट के बाद आग लगने की आशंका जताई गई है.






