कोरबा: चलती बस में यात्रियों से धक्का-मुक्की कर सोने की चेन झपटने वाले गिरोह का रतनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की सात महिलाओं समेत नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से आठ हजार रुपये जब्त किए गए हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बस में एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर 20 हजार रुपये में गिरोह की एक अन्य महिला को बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित पहले भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने बताया कि बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ दो अगस्त को बिलासपुर गए थे। काम पूरा होने के बाद दोनों बस से बांकीमोंगरा लौट रहे थे। गीता ने गले में सोने की चेन पहन रखी थी। नेहरू चौक बिलासपुर से बस में सवार होने के बाद महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं भी बस में चढ़ीं।
इस्लामाबाद की कार्रवाई का दिल्ली में जवाब! पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर चला बुलडोजर, जानें पूरा मामला
बस में भीड़ होने के कारण राम और उनकी पत्नी को सीट नहीं मिली और दोनों खड़े होकर सफर कर रहे थे। शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिलाओं ने गीता के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने उसे घेर लिया। कुछ देर बाद महिलाएं बस से उतर गईं। रतनपुर में बस खाली होने पर गीता ने अपने गले को देखा तो सोने की चेन गायब थी। इसके बाद 11 अगस्त को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान कोनकोना, ठिहईभाठा, थाना बांगो निवासी के रूप में हुई। इसके बाद बिलासपुर पुलिस टीम कारेबा पहुंचकर दबिश दी और सात महिलाओं व दो पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
हॉकी में भारत का दबदबा कायम, पाकिस्तान को 5-3 से चटाई करारी शिकस्त
पूछताछ में आरोपितों ने एक राय होकर बस में महिला से धक्का-मुक्की कर उसके गले से चेन झपटने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार झपटी गई चेन को गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी निवासी रामनगर, थाना कुसमी को 20 हजार रुपये में बेच दिया गया। इसमें 12 हजार रुपये खर्च किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से आठ हजार रुपये जब्त किए हैं। फरार आरोपित सुरतनी गिरी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने सभी नौ आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य पहले भी उठाईगिरी और झपटमारी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं। मामले में संगठित तरीके से अपराध करने को लेकर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पकडे गए आरोपित
पुलिस ने जिन आरोपित को गिरफ्तार किया है। उनमें अंजली गिरी (25), लोहारिन बाई (50), सुनीता गिरी (30), रामबाई (40), प्रीति गिरी (30), शिवानी गिरी (20), देवी गिरी (20), नरेश गिरी (35) और राम गिरी (20), सभी निवासी कोनकोना, ठिहईभाठा, थाना बांगो, कोरबा। शामिल हैं।



