CG Crime – छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जनकपुर नगर पंचायत के मुख्य बाजार में बदमाशों ने बैंक के पास खड़ी कार का कांच तोड़कर उसमें रखे करीब 4.25 लाख रुपये नगद पार कर दिए। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, जनकपुर थाना क्षेत्र निवासी ध्रुव यादव स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा जनकपुर से चेक के माध्यम से 4 लाख 25 हजार रुपये निकालकर बाहर आए थे। उन्होंने नगदी से भरा बैग अपनी कार की आगे वाली सीट पर रखा और कुछ देर के लिए वाहन से दूर चले गए।
इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने कार का कांच तोड़ दिया और सीट पर रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। वहीं मामले की सूचना मिलते ही जनकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध आरोपी वारदात को अंजाम देते नजर आए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में दो संदिग्धों की पहचान की गई है।
मैनपावर सप्लाई घोटाले में अनवर ढेबर को झटका, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका
इनमें पिंटू यादव, निवासी नयाटोला जुराबगंज वार्ड नंबर 1, थाना कोढ़ा जिला कटिहार (बिहार) और सुमित सिसोदिया उर्फ बंदर, निवासी भोलगढ़ थाना अनुपपुर (मध्यप्रदेश) शामिल हैं। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर रवाना की गई हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी या उनसे संबंधित महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


