बलौदाबाजार: जिले के ग्राम कानाकोट में उधारी के पैसों को लेकर दो पक्षों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई और गंभीर हमले तक पहुंच गया। तीन लोगों ने मिलकर एक मजदूर को न सिर्फ गाली-गलौज की बल्कि लकड़ी के डंडे से सिर पर वार कर घायल कर दिया। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम कानाकोट का निवासी है और रोजी-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। उसने बताया कि उसने गांव के पंचराम कुर्रे को पहले उधारी में कुछ पैसे दिए थे। पैसे की वापसी के लिए वह 5 अक्टूबर 2025 को पंचराम के घर गया था, लेकिन वहां पंचराम नहीं मिला। उसके पिता परशुराम कुर्रे ने बताया था कि पंचराम रायपुर में काम करने गया है और उसी से जाकर पैसे मांगना।
CG CRIME: पड़ोसी ही था शिक्षक दंपति का हत्यारा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीड़ित ने बताया कि 10 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 5:30 बजे वह परशुराम कुर्रे के घर के पास खड़ा था, तभी परशुराम कुर्रे, उसकी पत्नी पीतर बाई कुर्रे और उनका बेटा पंचराम कुर्रे वहां आ गए। तीनों ने मिलकर कहा “तू कौन होता है हमारे घर आकर पैसा मांगने वाला।” इसके बाद उन्होंने उसे मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए एक राय होकर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, परशुराम कुर्रे ने लकड़ी के डंडे से पीड़ित के सिर पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। वहीं पंचराम और पीतर बाई ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान पीड़ित का भाई बिरेन्द्र कुमार बंजारे बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपियों ने उसे भी गालियां देते हुए पीट दिया।
मारपीट में पीड़ित के सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं, जबकि बिरेन्द्र की कमर, बाएं हाथ और पैर में चोट लगी। घटना को गांव के अश्वनी घृतलहरे, जय घृतलहरे और आसपास के कई लोगों ने देखा और सुना। इसके बाद दोनों भाइयों ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने रिपोर्ट में कहा कि गाली-गलौज और हमले की इस घटना से वह भयभीत है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई चाहता है। फिलहाल पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और धमकी के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल मजदूर और उसके भाई का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य और गवाहों के आधार पर आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।


