कोरबा : जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात चोरी की नीयत से एक घर में घुसे युवक को परिजनों और स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। युवक पूरी रात घर में चारपाई के नीचे छिपा रहा। सुबह डायल-112 की टीम उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची। घटना के बाद इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
Biker Dadi: 87 की उम्र में भी नहीं थमी रफ्तार, ‘शोले स्टाइल’ में स्कूटी चलाकर छाईं मंडाकिनी शाह
कोतवाली थाना क्षेत्र के पोखरीपारा इमली डुग्गू इलाके में देर रात चोरी की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब एक संदिग्ध युवक घर के भीतर घुसने के बाद परिजनों के हत्थे चढ़ गया। घरवालों ने उसे पकड़कर पूरी रात निगरानी में रखा और सुबह पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे। देर रात कुछ संदिग्ध आवाज सुनाई देने पर परिजनों की नींद खुली। घर की तलाशी लेने पर एक युवक चारपाई के नीचे छिपा हुआ मिला। परिवार के लोगों ने उसे पकड़ लिया और भागने नहीं दिया।
सुबह डायल-112 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली थाने ले गई। पकड़े गए युवक की पहचान विजय डे, निवासी उसी क्षेत्र, के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह अकेले चोरी करने आया था या उसके साथ कोई अन्य साथी भी शामिल था।
इधर, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कुछ दिन पहले ही बंद पड़े ट्रांसफार्मर से कीमती उपकरण चोरी कर लिए गए थे, जबकि दो दिन पहले मोबाइल टावर से केबल चोरी करते दो युवकों को भी लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।
पूर्व पार्षद सुफल दास ने भी क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि सीतामढ़ी और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई बार शिकायत और सूचना देने के बावजूद मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्ती से निगरानी रखने की मांग की।