अमेरिका के यूटा स्टेट में एक शॉपिंग मॉल के भीतर भारतीय मूल के युवक पर जानलेवा हमला हुआ। जानकारी के मुताबिक एक मुस्लिम युवक पर कथित तौर पर धर्म पूछने के बाद जानलेवा हमला किया गया। पुलिस के मुताबिकआरोपी ने पहले युवक से पूछा, “क्या तुम मुस्लिम हो?” और उसके जवाब के बाद उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक को करीब 15 बार चाकू मारा गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या की कोशिश और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित भारतीय युवक सुहैल यूटा के एक शॉपिंग मॉल के कियोस्क पर काम करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धर्म पूछने के बाद आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। जब तक पुलिस पहुंचती, वहां मौजूद लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसे काबू में रखा। जांच में पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसने पीड़ित को मुस्लिम होने की वजह से निशाना बनाया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की विचारधारा हिंसक है और वह लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
परिवार का इकलौता कमाने वाला
पीड़ित भारतीय मूल के युवक के दोस्तों और साथ में काम करनेवालों ने बताया कि सुहैल अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है। उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। उसके पास हेल्थ इंश्योरेंस भी नहीं है, जिससे इलाज को लेकर परिवार की चिंता बढ़ गई है।
मैनेजर ने बताया हेट क्राइम
सुहैल के मैनेजर अदनान मोहम्मद ने इस घटना को नफरत से प्रेरित अपराध (हेट क्राइम) बताते हुए कहा कि समाज में ऐसी हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुहैल हमेशा मुस्कुराते रहने वाला, मेहनती और जिम्मेदार कर्मचारी है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि काश वह मौके पर मौजूद होते तो उसे बचाने की कोशिश करते।
बढ़ रही हैं मुस्लिम विरोधी घटनाएं
हाल के वर्षों में अमेरिका में मुस्लिम विरोधी घटनाओं में बढ़ोतरी को लेकर कई नागरिक अधिकार संगठनों ने चिंता जताई है। विशेषज्ञों का मानना है कि आप्रवासन विरोधी बयानबाजी, श्वेत वर्चस्ववादी गतिविधियां और गाजा युद्ध के बाद बढ़े तनाव जैसी वजहों से इस तरह की घटनाओं में इजाफा हुआ है।






