RRB Group D PET 2026: आरआरसी जयपुर ने रेलवे ग्रुप-डी (लेवल-1) के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। कंप्यूटर आधारित परीक्षा के आधार पर 2373 अभ्यर्थियों को प्रोविजनल रूप से पीईटी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन 29 जुलाई 2026 से 1 अगस्त 2026 तक किया जाएगा।
अजमेर में होगा परीक्षा का आयोजन
शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन जी.एल.ओ. ग्राउंड, ए.डी.एस.ए. स्टेडियम, डीआरएम कार्यालय के पास, मॉल रोड, अजमेर-305001 में किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी।
इसके अलावा उम्मीदवार रेलवे भर्ती कक्ष की आधिकारिक वेबसाइट से अपना कॉल लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती प्रक्रिया से जुड़े नवीनतम अपडेट के लिए समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट rrcjaipur.in का अवलोकन करते रहें।
रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, पीईटी में पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग शारीरिक दक्षता मानदंड निर्धारित किए गए हैं।
पुरुष अभ्यर्थियों के लिए
- 35 किलोग्राम वजन को उठाकर 2 मिनट के भीतर बिना नीचे रखे 100 मीटर तक ले जाना होगा।
- 1000 मीटर की दौड़ 4 मिनट 15 सेकंड में पूरी करनी होगी।
महिला अभ्यर्थियों के लिए
- 20 किलोग्राम वजन को उठाकर 2 मिनट के भीतर बिना नीचे रखे 100 मीटर तक ले जाना होगा।
- 1000 मीटर की दौड़ 5 मिनट 40 सेकंड में पूरी करनी होगी।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि पीईटी से संबंधित विस्तृत जानकारी भर्ती अधिसूचना के पैरा 14.02 में उपलब्ध है, जिसे अभ्यर्थी ध्यानपूर्वक पढ़ लें।



