Datia Protest: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में बीजेपी से नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से उनके समर्थकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया है। हालात ये हो गए कि हाइवे जाम कर दिया गया और पुलिस-समर्थकों के बीच जमकर पथराव हुआ। नरोत्तम समर्थकों को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े। बता दें कि बीजेपी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है।
NH 44 झांसी दिल्ली हाईवे बीते कई घंटे से जाम
नरोत्तम समर्थकों की वजह से NH 44 झांसी दिल्ली हाईवे कई घंटे से जाम हो गया है। नरोत्तम समर्थकों ने बीजेपी ऑफिस पर भी कब्जा कर लिया है और छत से पुलिसकर्मियों पर पथराव किया जा रहा है। पुलिसकर्मी पथराव से बचने की कोशिश में जुटे हैं। पुलिस का दावा है कि नरोत्तम समर्थकों ने पुलिस की गाड़ी भी पलट दी है।
समर्थक ने किया आत्मदाह का प्रयास
नरोत्तम मिश्रा के एक समर्थक ने आत्मदाह की भी कोशिश की है। इस बीच पुलिस ने समर्थक से पेट्रोल की बोतल छुड़वाई है। अन्य कार्यकर्ताओं के समझाने से समर्थक आत्मदाह करने से पीछे हटा है।
दतिया के डीएम का सामने आया बयान
दतिया के जिला मजिस्ट्रेट स्वप्निल वानखेड़े ने कहा, “करीब 11.5 से 12 घंटे तक जाम लगा रहा, जिसमें कई बसें और एक एम्बुलेंस फंसी हुई थीं। हमने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन हमारे पहुंचते ही हम पर पत्थर फेंके गए। इसलिए हमने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। आंसू गैस छोड़ने के बाद भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया। पुलिस ने कहीं भी लाठीचार्ज नहीं किया और न ही कहीं बल प्रयोग किया।”
न्यूजीलैंड दौरे पर PM मोदी का दूसरा दिन, प्रधानमंत्री लक्सन के साथ हुई अहम द्विपक्षीय वार्ता
एसपी का भी सामने आया बयान
दतिया के SP मयूर खंडेलवाल ने कहा, “कल दतिया शहर में 3000 से ज़्यादा उपद्रवियों ने माहौल खराब करने की कोशिश की। उन्होंने बाजार बंद कराने की कोशिश की। वे कल शाम 6 बजे से ही ‘चक्का जाम’ के लिए यहां बैठे थे। कलेक्टर और मैंने उनसे कई बार यहां से हटने और ‘चक्का जाम’ खत्म करने के लिए बात की। इसकी वजह से लगभग 15 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। आस-पास के जिले भी प्रभावित हो रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अचानक पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद पथराव और तेज हो गया। हमारे 6 से ज़्यादा जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वे सभी अस्पताल में भर्ती हैं। मुझे और एडिशनल SP को भी चोटें आईं। फिर हमने दोबारा आंसू गैस के गोले छोड़े और सख्ती दिखाते हुए उन्हें भागया। वे अब छिपे हुए हैं। उनसे कहा गया है कि या तो सरेंडर करें या शांति से चले जाएं। ‘चक्का जाम’ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक जाम को हटाया जा रहा है। पूरे ज़िले में पुलिस बल तैनात है।”






