CG News: छत्तीसगढ़ के जंगल आज से पर्यटकों के लिए बंद हो गए हैं. प्रदेश के सभी टाइगर रिजर्व, राष्ट्रीय उद्यान और वन्यजीव अभयारण्यों में पर्यटन गतिविधियों पर 1 अक्टूबर तक रोक रहेगी. इसके बाद 2 अक्टूबर से एक बार फिर पर्यटकों के लिए जंगलों के दरवाजे खोल दिए जाएंगे. मानसून के दौरान देश के कई टाइगर रिजर्व और राष्ट्रीय उद्यान हर साल इसी तरह अस्थायी रूप से बंद किए जाते हैं. इस दौरान भारी बारिश के कारण कच्चे रास्ते, नदी-नाले और वन मार्ग खतरनाक हो जाते हैं, जिससे पर्यटकों की सुरक्षा को भी खतरा रहता है.
पर्यटकों के लिए बंद हुए छत्तीसगढ़ के जंगल
वन विभाग के अनुसार, बारिश के मौसम में जंगलों के अंदर की सड़कें और सफारी मार्ग प्रभावित हो जाते हैं. साथ ही यह समय वन्यजीवों के प्रजनन काल का भी होता है. ऐसे में वन्य प्राणियों को प्राकृतिक वातावरण और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगाई जाती है.
2 अक्टूबर को फिर खुलेंगे जंगल
वन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि 1 अक्टूबर तक बंद रहने के बाद 2 अक्टूबर से वन्यजीव संरक्षण सप्ताह की शुरुआत के साथ ही सभी राष्ट्रीय उद्यान और टाइगर रिजर्व पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिए जाएंगे. इसके बाद पर्यटक एक बार फिर जंगल सफारी और वन्यजीव दर्शन का आनंद ले सकेंगे.
विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के दौरान जंगलों को बंद रखना न केवल वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए जरूरी है, बल्कि यह पारिस्थितिकी तंत्र को भी संतुलित बनाए रखने में मदद करता है। बारिश के मौसम में जंगलों में फिसलन, बाढ़ और भूस्खलन जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं, जो पर्यटकों के लिए जोखिम भरी हो सकती हैं.





