Credit Card Scam: अगर आपके क्रेडिट कार्ड पर बकाया राशि है, तो यह जानकारी आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है. आजकल साइबर ठग लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. इनमें से एक तरीका क्रेडिट कार्ड बिल भुगतान से जुड़ा है. इस बारे में इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
कैसे होता है यह क्रेडिट कार्ड स्कैम?
- साइबर अपराधी ऐसे लोगों को निशाना बनाते हैं जिनके क्रेडिट कार्ड पर काफी बकाया राशि होती है.
- वे उनसे संपर्क कर यह दावा करते हैं कि वे उनका बिल कम खर्च में या विशेष छूट के साथ भरवा सकते हैं.
- लालच में आकर कुछ लोग उनकी बातों पर भरोसा कर लेते हैं.
- इसके बाद ठग अवैध या धोखाधड़ी से हासिल किए गए पैसों का इस्तेमाल करके कार्डधारक का क्रेडिट कार्ड बिल चुका देते हैं.
- बदले में वे कार्डधारक से नकद पैसे ले लेते हैं.
- इस तरह अपराधी अपने गैरकानूनी पैसों को छिपाने और उनका रिकॉर्ड मिटाने की कोशिश करते हैं.
- पैसा सीधे बैंक खाते में भेजने की बजाय बिल पेमेंट में इस्तेमाल होता है, इसलिए धोखाधड़ी का पता लगाना मुश्किल हो जाता है.
इस तरह की ठगी से कैसे बचें?
- क्रेडिट कार्ड बिल भरने के नाम पर मिलने वाले किसी भी लालच या ऑफर पर भरोसा न करें.
- अपने क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल किसी दूसरे व्यक्ति के लेन-देन के लिए न होने दें.
- किसी अनजान लिंक, APK फाइल या फेक मोबाइल ऐप को डाउनलोड और इंस्टॉल न करें.
- केवल भरोसेमंद माध्यमों से ही अपने कार्ड का पेमेंट करें.
अगर साइबर ठगी का शिकार हो जाएं तो क्या करें?
- यदि आपके साथ या आपके किसी परिचित के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके मदद लें.
- समय रहते शिकायत करने से पैसे वापस मिलने की संभावना बढ़ सकती है.





