रायपुर। नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू और जंगल सफारी घूमने आने वाले पर्यटकों को अब अधिक खर्च करना पड़ सकता है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रवेश शुल्क, सफारी राइड, जिप्सी बुकिंग और फोटोग्राफी शुल्क में बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया है। नई दरों के अनुसार 6 से 12 वर्ष के बच्चों का प्रवेश शुल्क 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये और वयस्कों का शुल्क 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये किया जाएगा। विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 500 रुपये प्रस्तावित है।
सफारी राइड के टिकटों में भी वृद्धि की गई है। वयस्कों को सामान्य बस के लिए 150 रुपये, एसी बस के लिए 200 रुपये और इलेक्ट्रिक बस के लिए 250 रुपये चुकाने होंगे। वहीं जिप्सी सफारी का शुल्क 700 रुपये प्रति व्यक्ति और पूरी जिप्सी बुकिंग के लिए 3500 रुपये तय किया गया है। व्यावसायिक फोटोग्राफी के लिए 5 हजार और फिल्म शूटिंग के लिए 15 हजार रुपये प्रतिदिन शुल्क निर्धारित किया गया है। सरकारी स्कूलों के छात्रों को विशेष रियायत भी मिलेगी।





