बिलासपुर। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय केशरवानी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को तिफरा स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और राज्य सरकार व बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बेलतरा सहित जिलेभर में अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज से लोग परेशान हैं। भीषण गर्मी में घंटों बिजली बंद रहने से पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। नेताओं का कहना है कि लगातार लो-वोल्टेज से घरेलू उपकरण भी खराब हो रहे हैं।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की और चेतावनी दी कि समस्या दूर नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। वहीं बिजली विभाग ने कहा कि कटौती नहीं, बल्कि अधोसंरचना सुधार और तकनीकी कार्यों के चलते अस्थायी बाधा आ रही है।


