रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य कैपिटल रीजन (SCR) की गतिविधियों में तेजी आ गई है। नवा रायपुर के सेक्टर-16 में SCR के नए कार्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए कंसल्टेंट नियुक्त कर दिए गए हैं और उनकी रिपोर्ट के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। इस परियोजना के लिए बजट में 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
फरवरी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई संचालक मंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। अब इसे अमल में लाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कार्यालय के लिए सेक्टर-16 में CBD बिल्डिंग के पास जमीन चिन्हित की गई है।
इसके साथ ही SCR क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई और नवा रायपुर सहित 23 नगरीय निकायों और लगभग 700 गांवों को योजना में शामिल किया गया है। पहले चरण में सड़कों के उन्नयन, चौड़ीकरण और नई सड़कों के निर्माण की योजना बनाई जा रही है, जिसका क्रियान्वयन PWD के माध्यम से किया जाएगा।





