खारून ब्रिज मरम्मत के लिए 1 अप्रैल से डायवर्जन लागू, दुर्ग-रायपुर यातायात प्रभावित
खारून नदी ब्रिज। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर कुम्हारी स्थित खारून नदी ब्रिज के मरम्मत कार्य के चलते 1 अप्रैल से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। लगभग एक महीने तक चलने वाले इस कार्य के दौरान मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी और डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।
यातायात पुलिस ने जाम से बचाव के लिए कई वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। रायपुर एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय, पुलिस मुख्यालय, आरंग और अभनपुर जाने वाले वाहन चालकों को सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। वहीं दुर्ग-भिलाई, रिसाली और उतई से रायपुर जाने वाले वाहन सेलूद-फुंडा-जामगांव, मोतीपुर और अमलेश्वर मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
कुम्हारी टोल से चंदनीडीह तक वन-वे ट्रैफिक लागू रहेगा, जबकि सिरसा गेट-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग को भी बेहतर विकल्प बताया गया है। कुम्हारी से रायपुर जाने वाले वाहन उरला-खमरिया-अमलेश्वर मार्ग से गुजरेंगे, वहीं रायपुर से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन पुराने पुल के जरिए कुम्हारी टोल पहुंचेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुल सिंगल लेन होने के कारण ओवरटेक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नागरिकों से यातायात नियमों और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि जाम से बचाव हो और आवागमन सुगम बना रहे।


