रायपुर। राजधानी रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में हुए सीवेज टैंक हादसे में तीन श्रमिकों की मौत के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पचपेड़ी नाका स्थित अस्पताल में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान हुई इस घटना में टिकरापारा थाना पुलिस ने ठेकेदार किशन सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 17 मार्च को भाठागांव निवासी प्रशांत कुमार (32), अनमोल मचकन (25) और गोविंद सेंद्रे (35) सफाई कार्य के लिए टैंक में उतरे थे, जहां जहरीली गैस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि श्रमिकों को ऑक्सीजन मास्क, सेफ्टी बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे।
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठेकेदार को आरोपी बनाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


