रायगढ़ जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ प्रशासन की सख्ती जारी है। इसी क्रम में भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिलासपुर और किरीतमाल में पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 92.500 लीटर महुआ शराब और करीब 200 किलो महुआ लाहन जब्त किया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर टीम ने दबिश देकर अवैध रूप से बनाई जा रही शराब को नष्ट किया और आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
भूपदेवपुर पुलिस ने श्रवण कुमार लहरे, मालती बाई डनसेना और संतोषी चौहान से महुआ शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामले दर्ज किए। वहीं आबकारी टीम ने मुनु चौहान, रमेश लहरे और मोंगरा बाई लहरे के खिलाफ भी कार्रवाई की।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।


