रायपुर। Chhattisgarh Board of Secondary Education ने कक्षा 12वीं के हिंदी प्रश्नपत्र के कथित लीक मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए बोर्ड ने पुलिस और साइबर सेल में एफआईआर दर्ज कराई है।
बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक सोशल मीडिया पर 12वीं हिंदी विषय के प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें वायरल होने के बाद मंडल ने तुरंत संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच के बाद मामले की तकनीकी और कानूनी पड़ताल के लिए पुलिस और साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
वायरल हो रहे प्रश्नपत्र और वास्तविक प्रश्नपत्र का मिलान भी किया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री असली है या भ्रामक।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


