रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (हायर सेकेंडरी) बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों की परीक्षाएं मार्च से अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार हायर सेकेंडरी (12वीं) की परीक्षा 16 मार्च से शुरू होगी, जबकि हाईस्कूल (10वीं) की परीक्षा 17 मार्च 2026 से प्रारंभ होगी।
परीक्षा एक ही पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित होगी। विद्यार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचने, 8:35 बजे उत्तरपुस्तिका प्राप्त करने और 8:45 बजे से उत्तर लेखन शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि शासन या स्थानीय अवकाश की स्थिति में भी परीक्षा कार्यक्रम यथावत रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर बोर्ड तिथियों में बदलाव कर सकता है। वहीं प्रायोगिक परीक्षाएं 8 अप्रैल 2026 तक संबंधित परीक्षा केंद्राध्यक्ष द्वारा आयोजित की जाएंगी। छात्र प्रायोगिक परीक्षा की तिथि और समय की जानकारी अपने परीक्षा केंद्र से प्राप्त कर सकते हैं।


