रायपुर, 11 मार्च 2026। महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना (PMMVY) के क्रियान्वयन की फरवरी 2026 की राष्ट्रीय रैंकिंग में छत्तीसगढ़ बड़े राज्यों की श्रेणी में देश में पहले स्थान पर रहा है। राज्य ने 93.37% नामांकन, 83.87% स्वीकृति दर और 93.95% शिकायतों के त्वरित समाधान के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। पिछले माह की तुलना में छत्तीसगढ़ ने 6 स्थान की छलांग लगाकर यह उपलब्धि हासिल की।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मैदानी अमले को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री Lakshmi Rajwade ने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 1.86 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया गया है और 72.24 करोड़ रुपये की सहायता सीधे हितग्राहियों के खातों में अंतरित की गई है।


