नई दिल्ली/जगदलपुर। बस्तर में माओवादी हिंसा के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच 108 माओवादी कैडर ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। इन पर कुल करीब 3.95 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण कार्यक्रम जगदलपुर के शौर्य भवन स्थित पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर में आयोजित किया गया, जहां पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में माओवादियों ने हथियार छोड़ दिए।
समर्पण करने वालों में बीजापुर के 37, दंतेवाड़ा के 30, सुकमा के 18, बस्तर के 16, नारायणपुर के 4 और कांकेर के 3 माओवादी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार समर्पित कैडरों से मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने जंगलों में छिपाकर रखे हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिछले दो वर्षों में 2700 से अधिक माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं। समर्पित कैडरों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता, आवास, प्रशिक्षण और रोजगार की सुविधा दी जा रही है।


