जशपुर। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिया में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से भाई-बहन की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, कलिया निवासी जितेन्द्र दास के बच्चे विष्णु दास (9 वर्ष) और योगिता दास (12 वर्ष) जंगल से महुआ बीनकर लौट रहे थे। घर लौटते समय दोनों गांव के तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान विष्णु का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। भाई को बचाने के लिए बहन योगिता भी तालाब में कूद गई, लेकिन दोनों ही गहराई में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस की मदद से दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।


