रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान धान खरीदी का मुद्दा सदन में जोरदार तरीके से गूंजा। बस्तर क्षेत्र के किसानों से धान खरीदी नहीं होने का मामला कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल ने उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि बस्तर संभाग के 44,612 किसान धान खरीदी केंद्रों में धान बेचने ही नहीं पहुंचे।
मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी विधायकों ने सरकार पर धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी का आरोप लगाया और सदन से वॉकआउट कर दिया। विपक्ष का कहना था कि किसानों पर जबरन धान समर्पण कराने और खरीदी प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायतें मिल रही हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सरकार से मांग की कि वह समर्पण कराने वाले किसानों की वास्तविक संख्या सदन के सामने स्पष्ट करे। इस मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और नोकझोंक देखने को मिली।
इधर कांग्रेस ने संकेत दिया है कि शून्यकाल के दौरान स्थगन प्रस्ताव लाकर अफीम की खेती के मुद्दे को भी सदन में उठाया जाएगा।


